26/11 दोहराने की धमकी के सिलसिले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त बोले- पाकिस्तान की साजिश से इनकार नहीं

मुंबई को एक बार पुनः दहलाने की धमकी दी गई है। लेकिन महानगर के पुलिस आयुक्त ने आश्वस्त किया है कि मुंबई पुरी तरह सुरक्षित है। इस सिलसिले में विरार इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
मुंबई। मुंबई को एक बार पुनः दहलाने की धमकी दी गई है। इस सिलसिले में अब मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने विरार इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस बीच महानगर के पुलिस आयुक्त ने आश्वस्त किया है कि मुंबई पुरी तरह सुरक्षित है। यहां कुछ नहीं होने दिया जाएगा।
गृहमंत्रालय के प्रभारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा है कि पाकिस्तानी नंबर से प्राप्त हुई इस धमकी की जांच मुंबई एटीएस के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी शुरू कर दी है।
मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम के वाट्सएप्प नंबर पर शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि कुछ धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए, जिनमें शुद्ध हिंदी में लिखा गया है कि मुंबई पर 26/11 की तरह का एक और हमला होनेवाला है।
यदि पुलिस हमारा नंबर पता लगाने की कोशिश करेगी, तो यह बाहर का निकलेगा। लेकिन हमारे लोग भारत में हैं। यह हमला करने में छह लोग शामिल होंगे, और मुंबई शहर दहल उठेगा। ओसामा बिन लादेन, अजमल कसाब और अयमान-अल-जवाहिरी नहीं रहे तो क्या, हमारे पास और भी बहुत लोग हैं।
शनिवार दोपहर इस धमकी भरे संदेश की जानकारी देते हुए मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर ने कहा कि यह संदेश वैसे तो पाकिस्तान के नंबर से आया हुआ लगता है। लेकिन भारत के नंबरों को भी पाकिस्तान से हैक किया जा सकता है।
क्राइम ब्रांच ने इन नंबरों की खोजबीन शुरू कर दी है। इस मामले में मुंबई के बोरीवली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फडसलकर के अनुसार पुलिस अपनी सारी जानकारियां मुंबई पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते के साथ भी साझ कर रही है।
पुलिस आयुक्त ने आश्वस्त किया कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है। यहां कुछ नहीं होने दिया जाएगा।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुंबई को मिली धमकी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि हम इस धमकी को बड़ी गंभीरता से ले रहे हैं। राज्य एवं केंद्र की सभी संबंधित एजेंसियों को इस धमकी भरे संदेश की जांच के लिए सतर्क कर दिया गया है।
बता दें कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने भी कहा है कि सरकार को इस मामले में पूरी गंभीरता दिखाते हुए इसकी जांच करनी चाहिए।
बता दें कि दो दिन पहले ही मुंबई के निकट रायगढ़ में एक 16 मीटर लंबी लावारिस स्पीड बोट में तीन ए.के.47 राइफलें एवं जिंदा कारतूस के 10 बाक्स मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी।
लेकिन जल्दी ही भारतीय तटरक्षक बल(कोस्टगार्ड) ने जांच कर सुनिश्चित किया कि यह नौका इसी वर्ष 26 जून को ओमान के निकट खराब हो गई थी।
इस पर सवार लोगों को कोरियान नौसेना ने बचाकर ओमान प्रशासन को सौंप दिया था, लेकिन नौका बहकर मुंबई के निकट रायगड़ के तट पर आ लगी।
तटरक्षक बल द्वारा दी गई सूचना के आधार पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में किसी आतंकी साजिश से इंकार किया था।
इसके बावजूद नई मुंबई एटीएस इस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के तीसरे दिन ही पाकिस्तानी नंबर से आई धमकी ने मुंबई पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
अगले कुछ महीनों में ही मुंबई में गणेशोत्सव, नवरात्रोत्सव एवं दशहरा-दीवाली जैसे त्यौहार आने वाले हैं। ऐसे में मुंबई को दहलाने की धमकी से नागरिकों में भी दहशत देखी जा रही है।
करीब 14 साल पहले 26 नवंबर, 2008 को मुंबई पर 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला कर चार दिन तक कोहराम मचा रखा था।
मुंबई के गेटवे आफ इंडिया के सामने स्थित होटल ताज, नरीमन प्वाइंट स्थित होटल ट्राइडेंट, मुंबई का प्रमुख रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लियो पोल्ड बार एवं यहुदी समुदाय के एक पूजास्थल नरीमन हाउस पर हुए हमलों में कुल 166 लोग मारे गए थे।
इस आतंकी हमले में मुंबई के एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी विजय सालस्कर सहित कई पुलिसकर्मी भी बलिदान हुए थे।
इस हमले के दौरान सिर्फ एक पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा जा सका था। जिसे न्यायालय से मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद फांसी दे दी गई थी।