Delhi Crime News: गर्भवती पत्नी ने नाबालिग पति पर दुष्कर्म और पॉक्सो का मामला कराया दर्ज

Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में 16 साल की एक किशोरी सात माह का गर्भ लेकर जांच के लिए पहुंची। डॉक्टरों ने जब उसकी हालत देखी तो मामले की सूचना पुलिस और सखी सेंटर को दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो किशोरी ने बताया कि वह शादीशुदा है। किशोरी के पति को बुलाया गया तो वह भी 17 साल का नाबालिग निकला।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं नाबालिग पति-पत्नी - लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने छानबीन के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा में मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग पति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पति ने बताया कि उसने लड़की से 25 अगस्त 2022 को निकाह किया था। दोनों पश्चिम बंगाल में निकाह करने के बाद दिल्ली आकर किराए पर रह रहे थे। लड़की जांच के लिए अस्पताल पहुंची तो वारदात का पता चला।
जेजे बोर्ड में पेश होने के बाद रिहा - पुलिस ने आरोपी पति को जेजे बोर्ड में पेश किया। वहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया। जेजे बोर्ड ने पति की सही उम्र पता करने का आदेश दिया है। लक्ष्मी नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लड़की और लड़के दोनों के परिवार को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पुलिस परिवार से पूछताछ करेगी।
दोनों ने किया था प्रेम विवाह - पुलिस के मुताबिक, किशोरी सोमवार को एलबीएस अस्पताल जांच के लिए पहुंची थी। छानबीन के दौरान नाबालिग लड़की ने बताया कि उसका पति उसका करीबी रिश्तेदार है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। इसी साल जनवरी में दोनों दिल्ली आए थे। यहां आकर इन लोगों ने किराए पर कमरा लेकर उसमें रहना शुरू किया था।