Wrestlers Protest News: आंदोलन के बीच बोले बृज भूषण - देश संविधान से चलेगा, जंतर मंतर से नहीं...
![Wrestlers Protest News: Brij Bhushan said in the middle of the movement - the country will run by the constitution, not by Jantar Mantar...](https://www.bmbreakingnews.com/static/c1e/client/99149/uploaded/586a7895574d7dd28df29cdd9bf7f4b9.jpeg?width=963&height=520&resizemode=4)
Wrestlers Protest News: दिल्ली के जंतर मंतर में पहलवानों का धरना जारी है। आज धरना स्थल पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्ष के नेता पहुंचे। पहलवान WFI के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस बीच बीजेपी सांसद और WFI के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि मैं अयोध्या में पला बढ़ा हूं। संतो के बीच रहा हूं। ये देश संविधान से चलेगा, सुप्रीम कोर्ट से चलेगा, जंतर मंतर से नहीं।
मीडिया से बात करते हुए WFI के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, 'मैंने पहले की कहा है मैं कुछ नहीं बोलूंगा। मैं अयोध्या में ही पला बढ़ा, मेरा बचपन अयोध्या में ही बीता है। मेरे बारे में आप संतो से पूछ सकते हैं। जैसा कि संतों ने कहा है कि ये देश संविधान से चलेगा, देश सुप्रीम कोर्ट से चलेगा... जंतर मंतर से नहीं चलेगा।'
जब से जंतर मंतर पर पहलवान धरना दे रहे हैं, तभी से बृज भूषण सिंह ने कुछ भी खुलकर नहीं कहा है। आज भी उन्होंने साफ कहा कि इस मसले पर वो कुछ भी बोलना नहीं चाहते। कल सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इसमें पॉक्सो एक्ट भी शामिल है।
उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि अगर मेरे इस्तीफा देने से पहलवानों को संतुष्टि है तो इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, वहां दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
गौरतलब है कि पहलवानों के आंदोलन के बाद पहली बार बृज भूषण सिंह बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। आज जंतर मंतर पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पहुंची। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी हमारा मान हैं। ये कड़ी मेहनत और संघर्ष करके देश के लिए मेडल जीतती हैं। इनका शोषण, इनका अपमान.. देश की हर एक महिला का अपमान है। इनको न्याय मिले - पूरा देश ये चाहता है।
वहीं आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश को मेडल जिताने वाली बेटियों को FIR कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का सहारा लेना पड़ रहा है, यहां आंदोलन करना पड़ रहा है ये दुख की बात है।'