Congress: कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा, 18 दिन की यात्रा में पार्टी झोंकेगी ताकत, सहारनपुर से होगी इसकी शुरूआत

Congress: कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा बुधवार को सहारनपुर से शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मां शाकुंभरी के दर्शन कर यात्रा की शुरुआत करेंगे। उनके साथ प्रदेशभर के 307 नेता निरंतर बने रहेंगे। इसके अलावा संबंधित जिले के लोग भी जुड़ते जाएंगे।
करीब 18 दिन चलने वाली इस यात्रा में 161 स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं होंगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पार्टी के ज्यादातर वरिष्ठ नेता मंगलवार शाम तक सहारनपुर पहुंच गए हैं। भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति के तहत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में यूपी जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।
सहारनपुर से शुरू होने वाली यह यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए 18 दिन बाद लखनऊ पहुंचेगी। कांग्रेस के महासचिव (संगठन) अनिल यादव ने बताया कि हर जिले में ज्यादा से ज्यादा दिन यात्रा को भ्रमण कराने की मांग आ रही है।
ऐसे में रामपुर, मुरादाबाद, लखीमपुर और सीतापुर में कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में यह यात्रा लखनऊ में निर्धारित समय से एक से दो दिन देर से भी पहुंच सकती है। कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसंबर को यात्रा स्थगित रहेगी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि इस यात्रा का मकसद जनता के बीच भाजपा की गलत नीतियों के बारे में जागरूकता लाना है। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह से भाजपा सरकार विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर रही है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से चलने वाली इस यात्रा में हर जिले के लोग हिस्सा लेंगे। कई स्थानों पर प्रशासन की ओर से यात्रा को इजाज़त देने में आनाकानी की जा रही है। लेकिन कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं है। तयशुदा रूट पर यात्रा निकलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ चलने वाले 307 लोगों में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक आदि शामिल हैं। इसके लिए बाकायदा संबंधित लोगों ने प्रदेश कार्यालय में नामांकन कराया।
इसके लिए प्रदेश कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। व्यवस्था के मद्देनजर सभी से कंट्रोल रूम के जरिए सहमति ली गई। यह भी तय किया गया है कि कौन- कौन लोग किस जिले के यात्रा दौरान बढ़ेंगे।