U.P. State Women Commission: उ. प्र. राज्य महिला आयोग की बैठक में दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश

U.P. State Women Commission: वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात व अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध ममता रानी तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पाण्डेय द्वारा सर्किट हाउस वाराणसी में जनसुनवाई कर महिला उत्पीड़न के 43 प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिये गये।
बताते चले कि शासन की मंशा के अनुरुप उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा आवेदक, आवेदिका की सुगमता की दृष्टि से प्रदेश के विभिन्न जनपद के राजकीय गेस्ट हाउसों में सम्बन्धित जनपद के जिलाधिकारी की ओर से नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष एवं सम्बन्धित थाने के क्षेत्राधिकारी के साथ जनपद में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा, महिला जनसुनवाई, निरीक्षण का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
जिसके क्रम में बुधवार को सर्किट हाउस वाराणसी में जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को सुना गया व समस्याओं के त्वरित विधिक निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारीगणों को दिये गये। सदस्य राज्य महिला आयोग द्वारा सर्किट हाउस वाराणसी में जनसुनवाई के दौरान कुल 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त आये।
जिसमें 03 महिलाओं द्वारा दिये गये प्रार्थना पत्र पर विचार करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित समाज कल्याण विभाग अधिकारी को वृद्धा पेंशन योजना व विधवा पेंशन योजना का लाभ अविलम्ब प्रदान किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही महिला उत्पीड़न के कुल 43 प्रकरणों में जनसुनवाई कर समस्त प्रकरणों के त्वरित विधिक निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया तथा जनपद के सम्बन्धित अधिकारियों को महिला थानाध्यक्ष सहित महिला उत्पीड़न सम्बन्धी घटनाओं की विस्तृत आख्या, अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गयी तथा लम्बित प्रकरणों के त्वरित विधिक निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
वहीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात के द्वारा जनपद में अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध ममता रानी के नेतृत्व में चलाये जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत किये जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों व कार्यों की सराहना भी की गयी।
जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले अधिकारीगणों में नीलम प्रभात, सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, ममता रानी, अपर पुलिस उपायुक्त, महिला अपराध, सुधाकर शरण पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, रामप्रकाश सिंह, जिला दिव्यागंजन अधिकारी, शैलेन्द्र तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, रेहाना परवीन, डीपीआरवो आफिस, पारुल राय, चाइल्ड यूनिट, अनिता चौहान, प्रभारी विशेष किशोर पुलिस इकाई, वाराणसी व उपस्थित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण रहे।
उक्त आशय की जानकारी अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध ममता रानी के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गयी।